पुणे के कोंढवा इलाके में अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़, 1 करोड़ से अधिक नकदी और दो लाख से ज्यादा की शराब जब्त, दो आरोपी हिरासत में
पुणे के कोंढवा इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के अड्डे पर छापा मारा। छापेमारी में अलमारी से 1 करोड़ रुपये से अधिक नकद और करीब 2.05 लाख रुपये की शराब बरामद की गई। मामले से न्यू ईयर और महापालिका चुनाव से पहले प्रशासनिक सख्ती के संकेत मिले हैं।
न्यू ईयर से ठीक पहले पुणे पुलिस ने एक ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है। पुणे में जहां एक ओर महापालिका चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं और प्रशासन अलर्ट मोड में है, वहीं कोंढवा इलाके से सामने आया यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान न सिर्फ अवैध शराब का भारी जखीरा पकड़ा, बल्कि एक अलमारी से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कोंढवा क्षेत्र के काकडे वस्ती, गली नंबर 2 में अवैध शराब की बिक्री को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कानून के तहत कार्रवाई की और संदिग्ध घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान घर में शराब के कई कार्टन और कैन मिले, लेकिन सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ, जब पुलिस की नजर एक बंद अलमारी पर पड़ी।
जब अलमारी खोली गई तो उसमें भारी मात्रा में नकदी देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। नोटों की गड्डियां इतनी ज्यादा थीं कि उन्हें गिनने में काफी समय लग गया। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह रकम अवैध शराब कारोबार से जुड़ी हो सकती है और लंबे समय से इस घर से देशी और विदेशी शराब की सप्लाई की जा रही थी।
इस कार्रवाई में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई, शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जाती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस अवैध कारोबार का संबंध चुनावी माहौल या किसी बड़े गिरोह से तो नहीं है।
जब्त की गई शराब का विवरण:
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल ₹2,05,900 मूल्य की शराब और अन्य सामान जब्त किया, जिसमें शामिल हैं—
-
50 एमएल के 80 पाउच – ₹1,600
-
35 लीटर के 2 कैन (कुल 70 लीटर) – ₹28,000
-
नंबर 1 व्हिस्की 220 बोतल – ₹48,400
-
आईबी व्हिस्की 183 बोतल – ₹40,260
-
आरएस 180 एमएल 224 बोतल – ₹56,000
-
आरएस 90 एमएल 20 बोतल – ₹2,800
-
क्लासिक गोल्ड 32 बोतल – ₹4,800
-
वोल्कन ब्लू 38 बोतल – ₹6,080
-
डर्बी स्पेशल 43 बोतल – ₹6,880
-
ओल्ड मंक रम 48 बोतल – ₹10,320
-
टैंगो पंच 77 बोतल – ₹6,160
इलाके में हड़कंप
इस खुलासे के बाद कोंढवा और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोग भी इस बात से हैरान हैं कि एक रिहायशी इलाके में इतने बड़े पैमाने पर अवैध शराब का कारोबार चल रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
न्यू ईयर और चुनावी माहौल के बीच हुई यह कार्रवाई साफ संकेत देती है कि प्रशासन अवैध गतिविधियों पर सख्ती बरतने के मूड में है।












