क्रिसमस के अवसर पर गुरुवार को गिरिडीह स्थित प्रसिद्ध पर्यटक स्थल वॉटरफॉल में सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही परिवार, युवा और बच्चे घूमने-फिरने के लिए वॉटरफॉल पहुंचने लगे थे। छुट्टी का दिन होने के कारण लोगों में खासा उत्साह नजर आया। युवाओं और युवतियों ने मनमोहन झरने के बीच पहुंचकर तस्वीरें खिंचवाईं और यादगार पलों को कैमरे में कैद किया। कई परिवारों और दोस्तों के समूह ने पिकनिक का भी जमकर आनंद उठाया।

गौरतलब है कि गिरिडीह-धनबाद मुख्य सड़क के बीच स्थित यह वॉटरफॉल दशकों से पर्यटकों का पसंदीदा स्थल रहा है। बड़ा दिन के मौके पर हर वर्ष यहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हैं। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता नजर आई, जिससे पर्यटक बिना किसी परेशानी के त्योहार का आनंद उठा सके।












