गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत नायकडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में विनोद यादव, कोलेश्वर यादव समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि नायकडीह स्थित एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिस पर एक पक्ष से जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव और दूसरे पक्ष से विनोद यादव अपना-अपना दावा कर रहे हैं। कहासुनी के बाद मामला मारपीट में तब्दील हो गया।
घटना के बाद विनोद यादव ने जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि छोटेलाल यादव ने भी विनोद यादव व अन्य पर जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।












