गिरिडीह शहर के नगर भवन में आयोजित दो दिवसीय ‘आजा नचले’ राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता का बुधवार देर शाम भव्य समापन हुआ। समापन समारोह रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन ‘द रंग आर्ट एंड कल्चरल सोशल वेलफेयर ट्रस्ट’ द्वारा किया गया, जबकि पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था की अध्यक्ष श्रुति सिन्हा ने किया।

कार्यक्रम के दौरान मोंगिया स्कूल के जूनियर कलाकारों ने नागपुरी गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। शिव–पार्वती की नृत्य नाटिका और कृष्ण वेश में कलाकारों की प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, असम, पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। पुरस्कार वितरण समारोह में सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव समेत अन्य अतिथियों ने विजेताओं को सम्मानित किया और आयोजन को गिरिडीह के लिए गौरवपूर्ण बताया।













