कर्माटांड़ स्थित संस्कार फार्म हाउस में चाणक्य पब्लिक स्कूल की ओर से स्कूली बच्चों के लिए क्रिसमस सह वनभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों के लिए आनंददायक वनभोज की व्यवस्था की गई, जहां बच्चों ने पूरे विद्यालय परिवार के साथ मिलकर क्रिसमस का पर्व उत्साह और खुशी के साथ मनाया। वनभोज स्थल पर बच्चों ने खेल-कूद, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सांता क्लॉज द्वारा बच्चों को उपहार दिए गए, जिससे सभी बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम शिक्षकों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और बच्चों के लिए यह दिन यादगार बन गया। मौके पर विद्यालय के निदेशक श्री राहुल कुमार बर्मन ने सभी बच्चों को आगामी नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग, भाईचारे और सामाजिकता की भावना को मजबूत करते हैं।













