गिरिडीह के सिरसिया स्थित बीएन साहा डीएवी पब्लिक स्कूल में क्रिसमस सेलिब्रेशन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन गर्ग, के.एल. देशमुख एवं बीडी झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा समूह नृत्य, एकल नृत्य, म्यूजिकल चेयर, भाषण एवं कविता वाचन जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सांता क्लॉज और छात्राओं ने परियों के आकर्षक परिधान पहनकर शांति व खुशहाली का संदेश दिया। प्रधानाचार्य सचिन गर्ग ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों की सृजनात्मक और कलात्मक प्रतिभा को निखारते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को क्रिसमस व नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए शीतकालीन अवकाश की घोषणा की और बताया कि विद्यालय अब 5 जनवरी 2026 को पुनः खुलेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












