गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र में बीती रात चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है। पहली घटना पचम्बा झंडा मैदान स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पास हुई, जहां चोरों ने मंदिर की दान पेटी तोड़कर करीब 5100 रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मंदिर के समीप रहने वाले रंजीत कुमार भदानी के अनुसार, चोर पूजा में प्रयुक्त लोहे की छड़ मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। दूसरी घटना पचम्बा बुढ़वा तालाब के पास छठ पूजा समिति के स्टोर रूम में हुई, जहां ताला तोड़ा गया, हालांकि कोई सामान चोरी नहीं हुआ।

तीसरी और सबसे गंभीर घटना सलैया रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित एक घर में घटी। पीड़िता शोभा देवी ने बताया कि अस्पताल जाने के दौरान चोरों ने उनके घर से जमीन के कागजात, 50 हजार रुपये नकद और सोने की चेन चोरी कर ली। सूचना मिलने पर पचम्बा थाना पुलिस जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लगातार चोरी से लोगों में आक्रोश है।













