गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में सोमवार को अभिभावक–शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद तथा विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य दयानंद कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों की भागीदारी रही। इस दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, परीक्षा परिणाम और सरकारी योजनाओं की जानकारी अभिभावकों को दी गई।

मुख्य अतिथि डॉ. सरफराज अहमद ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पीटीएम के अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।












