बड़े दिन और नववर्ष के आगमन को लेकर सोमवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने पुलिस बल के साथ उसरी वाटर फॉल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि नए साल के मौके पर उसरी वाटर फॉल में भारी संख्या में पर्यटकों की भीड़ उमड़ती है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। निरीक्षण के क्रम में पार्किंग स्थल का भी मुआयना किया गया और संबंधित कर्मियों को सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि नववर्ष के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस और महिला बल की तैनाती की जाएगी। किसी भी तरह से माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पिकेट प्रभारी सुबोध कुमार और भुदेश्वर उरांव समेत पुलिस बल मौजूद था।













