गिरिडीह, राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (INTUC) के बैनर तले आज सीसीएल के ओपन कास्ट खदान के पास स्थित खेल मैदान में स्वर्गीय मजदूर नेता, शिक्षाविद और मानवाधिकार कार्यकर्ता रामचंद्र मिश्र जी की 15वीं पुण्यतिथि मनाई गई। सभा का संचालन असंगठित इंटक के अध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने किया, जबकि राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा ने अध्यक्षता की। मौके पर मौजूद वक्ताओं ने स्वर्गीय मिश्र के श्रमिक राजनीति में योगदान, मानवाधिकार के क्षेत्र में उनके प्रयास और ग्रामीण इलाकों में शिक्षा के प्रसार के उनके कार्यों को याद किया।

पूर्व मुख्यमंत्री बिंदेश्वरी दुबे के मार्गदर्शन में रामचंद्र मिश्र ने माइका यूनियन को मजबूती दी और कैदियों सहित दूरदराज के इलाकों में शिक्षा का अलख जगाया। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव ऋषिकेश मिश्र ने कहा कि स्वर्गीय मिश्र की तरह ईमानदारी और मजदूरों के लिए संघर्ष की राह पर चलना सभी के लिए प्रेरणादायक है। मौके पर दर्जनों मजदूर नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र-नेता उपस्थित थे।












