गिरिडीह पूर्वी वन प्रमंडल ने वन भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आज बड़ी कार्रवाई की। वन विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के सहयोग से मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोभी में अभियान चलाकर अवैध कब्जे को मुक्त कराया। गुप्त सूचना के आधार पर वन प्रमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची, जहां वन भूमि पर चारदीवारी और पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा था। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उनकी एक न चली। अभियान का नेतृत्व कर रहे वन क्षेत्र पदाधिकारी एस. के. रवि ने कहा कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वन संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले भर में अवैध कब्जों को चिन्हित कर आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।













