ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक आगामी 16 जनवरी को शहीद कॉमरेड महेंद्र सिंह के संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ बेंगाबाद प्रखंड में जन संघर्ष संकल्प दिवस मनाएगी। इसी के तहत संगठन का पहला प्रखंड सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर शुक्रवार को बेंगाबाद प्रखंड के बड़कीटांड़ गांव से जनसंपर्क सह धान संग्रह अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान ग्रामीणों के साथ बैठक कर स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों पर चर्चा की गई।

बैठक में किसानों ने धान खरीदी केंद्र के अभाव, बिचौलियों की मजबूरी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, स्कूलों की बदहाल स्थिति, राशन वितरण की अव्यवस्था और प्रशासनिक मनमानी जैसे मुद्दे उठाए। पूर्व जिप सदस्य एवं फॉरवर्ड ब्लॉक जिला संयोजक राजेश यादव ने कहा कि किसान-मजदूरों सहित आम जनता को अपने सवालों पर संगठित होकर संघर्ष तेज करना होगा। उन्होंने बताया कि यह जनसंपर्क अभियान प्रखंड के सभी पंचायतों में चलाया जाएगा। मौके पर पार्टी नेता शिवनंदन यादव, शंभू ठाकुर, शंभू तुरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













