गिरिडीह शुक्रवार को वेभ इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों एवं बच्चियों द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों ने नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन कर नशे से होने वाले दुष्परिणामों को दर्शाया और समाज को इससे दूर रहने का संदेश दिया। यह नुक्कड़ नाटक सियाटांड़ चौक, चतरो चौक और नवडिहा चौक पर प्रस्तुत किया गया, जहां ग्रामीणों और आम लोगों की भारी भीड़ जुटी और कार्यक्रम की सराहना की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधक कृष्णा सिंह के साथ नवडिहा थाना प्रभारी श्री दीपक झा का विशेष सहयोग रहा। नुक्कड़ नाटक का निर्देशन विद्यालय के हिंदी शिक्षक अनिल पांडे ने किया। वहीं गणित शिक्षक टिकेश्वर प्रजापति ने फोटोग्राफी की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम में संतोष कुमार, राजेंद्र राय, गायत्री सिंह, सोनू सिंह, शिवम ओझा, सोनाली मिस और दीपक कुमार पांडेय का भी सराहनीय सहयोग रहा। अंत में नवडिहा चौक पर नाटक मंचन के बाद सभा का समापन किया गया।













