Aba News

छठे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, मकतपुर से कचहरी चौक तक दिखी सख्ती

गिरिडीह नगर निगम और यातायात पुलिस की ओर से शुक्रवार को छठे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान को तेज किया गया। दोपहर 2 बजे कालीबाड़ी चौक से शुरू होकर मकतपुर होते हुए कचहरी चौक तक चले इस अभियान के दौरान नगर निगम के वाहन और सायरन की आवाज सुनते ही सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वाले दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान सड़क पर लगाए गए दुकानों के नाम वाले बोर्ड टीम द्वारा जब्त कर ट्रैक्टर में लादे गए। इस बीच एक दुकानदार द्वारा जब्त बोर्ड ट्रैक्टर से उतारने पर अधिकारियों से कहासुनी हुई, जिस पर अधिकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा न डालने की सख्त चेतावनी दी और बोर्ड को पुनः जब्त कर लिया गया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई दुकानदारों का ट्रेड लाइसेंस रद्द हो चुका है। ऐसे में नगर निगम की ओर से मौके पर ही तीन-चार दुकानों का नया ट्रेड लाइसेंस बनाकर शुल्क वसूला गया। वहीं बिना निगम की अनुमति लगाए गए डिजिटल प्रचार बोर्डों को लेकर दुकानदारों को तत्काल रजिस्ट्रेशन कराने और निगम से आदेश लेने का निर्देश दिया गया। अभियान का नेतृत्व कर रहे नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो ने बताया कि शहर को जाम मुक्त बनाने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान यातायात इंस्पेक्टर दुगन टोपनो सहित नगर निगम कर्मी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें