गिरिडीह, 19 दिसंबर 2025। गिरिडीह जिले में कड़कड़ाती ठंड और लगातार बढ़ रही शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले के सभी नगर निगम क्षेत्रों, अनुमंडल कार्यालयों, प्रखंड मुख्यालयों, पंचायत भवन परिसरों, ग्रामीण हाट-बाजारों, धार्मिक स्थलों के आसपास, मजदूर चौकियों सहित बेघर, दिहाड़ी मजदूरों और अन्य जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कंबल वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाए कि हर जरूरतमंद व्यक्ति को अच्छी गुणवत्ता का कंबल मिले। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि ठंड के इस कठिन मौसम में कोई भी असहाय व्यक्ति राहत से वंचित न रहे।
बढ़ती ठंड और तापमान में लगातार हो रही गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पूरे जिले में बड़े पैमाने पर अलाव की भी व्यवस्था की गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिसर और खुले स्थानों पर रात बिताने वाले लोगों की बस्तियों में नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं। इसके साथ ही जिले के सभी प्रखंडों में भी मजदूर चौकियों, पंचायत भवनों, हाट-बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी अंचल अधिकारियों और प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि लकड़ी और कोयले की कोई कमी न होने पाए और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत अतिरिक्त अलाव की व्यवस्था की जाए, ताकि ठंड से किसी भी नागरिक को परेशानी न हो।
इसी क्रम में उपायुक्त के निर्देशानुसार बगोदर प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी द्वारा बुढ़ाचाच बिरहोर टोला का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वहां निवासरत बिरहोर परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया गया, जिससे उन्हें शीतलहर के प्रकोप से राहत मिल सके। प्रशासन का कहना है कि बेघर, दिहाड़ी मजदूर, आदिवासी समुदाय, रिक्शा-ठेला चालक और रात में काम करने वाले श्रमिक जिला प्रशासन की प्राथमिकता में हैं। ठंड के पूरे मौसम में राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे और जरूरतमंदों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाएगी।












