गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बैंक ऑफ इंडिया की कथित तकनीकी गड़बड़ी ने एक खाताधारक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यदुराडीह गांव निवासी गणेश प्रसाद वर्मा के बैंक खाते में अचानक –9,99,99,97,401 रुपये की नकारात्मक एंट्री दिखने से न सिर्फ वे बल्कि बैंककर्मी भी सकते में आ गए। गणेश वर्मा का खाता बैंक ऑफ इंडिया की हीरोडीह शाखा में संचालित है। बताया गया कि केवाईसी प्रक्रिया के दौरान जब उन्होंने खाते का विवरण देखा, तो उसमें अरबों रुपये की यह असामान्य और अविश्वसनीय एंट्री दर्ज पाई गई। हैरानी की बात यह भी है कि इससे पहले खाते में जमा करीब दस हजार रुपये भी गायब हो चुके हैं, जिससे खाताधारक की चिंता और बढ़ गई है।
इस पूरी घटना से मानसिक रूप से परेशान गणेश वर्मा ने गुरुवार को हीरोडीह थाना पहुंचकर लिखित आवेदन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारियों से संपर्क करने के बावजूद उन्हें अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने एहतियातन उनके खाते को सीज कर दिया है, ताकि किसी तरह की और गड़बड़ी न हो। वहीं, पीड़ित ने इस तकनीकी त्रुटि की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।












