गिरिडीह नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को दोपहर 2 बजे से टावर चौक से कालीबाड़ी चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे सब्जी और अन्य दुकानों को सजाने वाले दुकानदारों के चालान काटे गए और भविष्य में दुकान न लगाने का सख्त निर्देश दिया गया। अभियान का नेतृत्व नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो और यातायात इंस्पेक्टर ने किया, जबकि अन्य जवान भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि लगातार जाम की समस्या को देखते हुए शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है और इसे गति दी जा रही है।

अभियान के बाद टीम झंडा मैदान पहुंची। सदर अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर चार्ट और गुपचुप के ठेले का चालान काटकर कई ठेले जप्त कर नगर निगम कार्यालय ले जाए गए। इस दौरान एसडीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि झंडा मैदान को पूर्णतः अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा और किसी को भी दुकान लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।













