गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा हाता में रुपये के लेन–देन को लेकर विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब मारपीट और कथित हवाई फायरिंग के आरोप सामने आए। पीड़ित सद्दाम रैन ने आरोप लगाया है कि उसने करीब दो वर्ष पूर्व जमीन के लेन–देन के सिलसिले में अपने पड़ोसी अबुल रैन को पांच लाख रुपये दिए थे। लंबे समय से राशि वापस न मिलने पर जब उसने रुपये की मांग की, तो रविवार की रात उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की नीयत से हवाई फायरिंग भी की गई। सद्दाम के मुताबिक, वह तेलोडीह स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में घायल होने के बाद वह किसी तरह जान बचाकर घर में घुस सका। पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम से प्रशासन को अवगत कराते हुए अपनी जान को खतरा बताया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष के अबुल रैयीन ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उसी रात दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बैठी थी और फायरिंग का आरोप पूरी तरह गलत है। उन्होंने दावा किया कि कथित हवाई फायरिंग सद्दाम रैन की ओर से की गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों की ओर से थाने में अलग–अलग आवेदन देकर एक–दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












