गिरिडीह व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 72,380 प्री-लिटिगेशन मामलों एवं 5,878 लंबित मामलों का निष्पादन किया गया, जिससे 9 करोड़ 01 लाख 32 हजार 760 रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। राष्ट्रीय लोक अदालत का ऑनलाइन उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय, रांची के माननीय मुख्य न्यायाधीश ने किया। कार्यक्रम के दौरान वाहन दुर्घटना वादों में पीड़ितों को 46 लाख रुपये से अधिक की मुआवजा राशि के चेक भी प्रदान किए गए।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा ने कहा कि लोक अदालत आमजन को त्वरित, सुलभ और सौहार्दपूर्ण न्याय प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए 13 पीठों का गठन किया गया था। कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, विभागीय अधिकारी, पारा लीगल वॉलंटियर्स और पक्षकारों की सक्रिय भागीदारी रही।












