गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेडीह के समीप सोमवार को एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब बगोदर थाना क्षेत्र के अटका निवासी सुधीर कुमार राणा अपनी पत्नी चमेली देवी के साथ बाइक से गिरिडीह की ओर आ रहे थे। पांडेडीह के पास एक टाटा पंच वाहन ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सुधीर राणा की पत्नी चमेली देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सुधीर राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चमेली देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुधीर राणा का इलाज सदर अस्पताल में जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना भेज दिया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।












