Aba News

गिरिडीह में अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई, नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त मुहिम तेज

गिरिडीह में नगर निगम और यातायात पुलिस द्वारा संचालित अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। नेताजी चौक, अंबेडकर चौक से लेकर टावर चौक और कालीबाड़ी तक सघन कार्रवाई की गई, जिसकी अगुवाई नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो और यातायात इंस्पेक्टर दुग्गन टोपनो कर रहे थे। फोर लेन सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों का चालान काटा गया, जबकि कई वाहन चालकों को सख्त हिदायत देकर भविष्य में सड़क किनारे वाहन पार्क नहीं करने की नसीहत दी गई। सड़क किनारे ठेला लगाकर दुकान सजाने वाले दुकानदारों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आगे से ऐसा न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि फोर लेन सड़क बनने के बाद भी लगातार दोनों ओर वाहन खड़े रहने से जाम की समस्या खत्म नहीं हो पा रही थी और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी वजह से वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इस अभियान को और तेज किया गया है।

नगर प्रबंधक ने स्पष्ट कहा कि जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए सड़क किनारे अनियमित पार्किंग पर लगाम लगाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही सड़क के किनारे डिमार्केशन की व्यवस्था की जाएगी, जिसके भीतर लोग सुरक्षित रूप से बाइक पार्क कर सकेंगे। यातायात इंस्पेक्टर दुग्गन टोपनो ने भी लोगों से अपील की कि सड़क किनारे वाहन पार्क कर यातायात में बाधा न उत्पन्न करें और निर्धारित स्थान पर ही गाड़ी खड़ी करें। अभियान के दौरान शिवम कुमार, रवि वर्मा, निशांत वर्मा, अमित राय, प्रशांत कुमार, कपिल मोदी, छोटू रविदास सहित सहायक पुलिस कर्मी शुभम कुमार रामप्रसाद व अन्य पुलिस जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें