Aba News

मतदाताओं के लिए बड़ी ख़बर – अब ऑनलाइन मिलेगी पिछले SIR की पूरी वोटर लिस्ट

गिरिडीह उपायुक्त रामनिवास यादव ने मतदाताओं को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विभिन्न राज्यों की पिछली SIR की मतदाता सूची ऑनलाइन उपलब्ध करा दी है। झारखंड में पिछला SIR वर्ष 2003 में आयोजित हुआ था, और उस समय निबंधित सभी मतदाता अब सीईओ झारखंड की आधिकारिक वेबसाइट ceo.jharkhand.gov.in पर जाकर अपना नाम आसानी से खोज सकते हैं। मतदाता अपने मोबाइल या कंप्यूटर से जिला, विधानसभा क्षेत्र, नाम और कैप्चा दर्ज कर ‘शो’ बटन पर क्लिक करते ही अपना पूरा विवरण प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही, बूथ संख्या या क्रमांक संख्या दर्ज कर भी नाम खोजने की सुविधा उपलब्ध है। आयोग ने सुविधा बढ़ाते हुए पिछली SIR की पूरी मतदाता सूची का PDF भी डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिया है, जिससे मतदाता अपने पुराने रिकॉर्ड को आसानी से सत्यापित कर सकते हैं।

उपायुक्त ने आगे बताया कि यदि कोई मतदाता वर्ष 2003 में झारखंड के बाहर किसी अन्य राज्य में निबंधित थे, तो वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर ‘Search Your Name in Last SIR’ विकल्प का उपयोग करके अपने विवरण खोज सकते हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय है, जहां किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने अपील की है कि सभी मतदाता इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने नाम की स्थिति की जानकारी अवश्य लें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें