Aba News

फोर लेन सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

फोर लेन सड़क के किनारे लगातार हो रही अवैध पार्किंग और दुकानों के अतिक्रमण को रोकने के लिए गुरुवार को नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व नगर प्रबंधक विपिन विमल टोप्पो और यातायात इंस्पेक्टर दुग्गन टोपनो कर रहे थे। टीम ने सड़क किनारे खड़े पाए गए दर्जनों वाहनों का चालान काटा, जबकि कई वाहन चालकों को सख्त चेतावनी देकर आगे से सड़क किनारे वाहन नहीं खड़ा करने की नसीहत दी गई। इसके अलावा, सड़क के किनारे ठेला लगाकर दुकान सजाने वाले दुकानदारों को भी भविष्य में ऐसा न करने का कड़ा निर्देश दिया गया, ताकि आवागमन सुचारू बना रहे और जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

नगर प्रबंधक ने बताया कि फोर लेन सड़क निर्माण के बाद से सड़क के दोनों ओर वाहनों की अवैध पार्किंग की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसी स्थिति में अक्सर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सड़क के किनारे वाहन खड़े न करें और नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही उचित पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि लोगों को सुविधाजनक विकल्प मिल सके और सड़क पर अव्यवस्था खत्म हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें