10 दिसंबर 2025 को झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में जमुआ की माननीय विधायक मंजू कुमारी ने राज्यभर के हजारों अबुआ आवास लाभुकों की गंभीर समस्या पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि लाभुकों के आवास स्वीकृत होने के बावजूद पहली किस्त तक जारी नहीं की गई, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। स्थिति यह है कि इन लाभुकों का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना से भी यह कहते हुए हटा दिया गया कि वे पहले से अबुआ आवास योजना से जुड़े हैं। परिणामस्वरूप वे न तो अबुआ आवास पा रहे हैं और न ही पीएम आवास का लाभ—और दोहरी मार झेलते हुए बेघर रहने को मजबूर हैं।

विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि जमुआ विधानसभा अति सुदूर क्षेत्रों में शामिल है, जहां अधिकांश लोग पहले ही सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि कई परिवार आज भी तिरपाल के नीचे 21वीं सदी में रहने को मजबूर हैं। विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि जिन लाभुकों के आवास स्वीकृत हैं, उन्हें जल्द से जल्द पहली किस्त जारी की जाए, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। उन्होंने पुनः आश्वस्त किया कि वह जनता की समस्याओं को सदन में लगातार मजबूती से उठाती रहेंगी।












