अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार दिवस पर गिरिडीह के अकदोनी कला पंचायत अंतर्गत सिकदरडीह में अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन द्वारा कंबल व गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला महिला अध्यक्ष सोनिया कौशिक, पंचायत मुखिया मनोज पाशी और गांडेय भाजपा नेता रंजन सिन्हा ने की। सोनिया कौशिक ने कहा कि संगठन केवल संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो हर जरूरत के समय लोगों के साथ खड़ा रहता है। बढ़ती ठंड से बीमार पड़ रहे जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त चिकित्सा और गर्म कपड़े देकर राहत पहुंचाई गई।

जिला युवा अध्यक्ष अमित चंद्रवंशी ने बताया कि संगठन पिछले आठ वर्षों से गिरिडीह में असहाय लोगों को न्याय दिलाने और सहायता शिविरों के जरिए उनकी मदद करने का कार्य निरंतर कर रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मानव अधिकार दिवस पर सैकड़ों जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों और संगठन के सदस्यों—संदीप कौशिक, रोहित, नासिर, रवि, जय, नारायण, गणेश, रीना, विक्टर, तबशूम, स्वाति—का महत्वपूर्ण योगदान रहा।













