गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बगोदरडीह गांव में मंगलवार दोपहर एक 24 वर्षीय विवाहिता नगमा खातून का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नगमा की मौत को मायके पक्ष ने आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए साफ तौर पर हत्या बताया है। परिजनों का आरोप है कि नगमा की पहले गला दबाकर हत्या की गई और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की शादी वर्ष 2018 में शहजाद से हुई थी, जो घटना के वक्त मुंबई में काम पर था। शुरुआती जांच के तहत पुलिस ने मृतका की सास और ससुर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। वहीं गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का दौर जारी है और लोग घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।












