गिरिडीह के किरन पब्लिक स्कूल में बिरसा मुंडा फुटबॉल अकादमी का शुभारंभ बड़े ही उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्फूते ने विद्यालय प्रबंधन के साथ मिलकर मैदान में फुटबॉल खेलकर अकादमी की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में चेयरमैन अशोक कुमार सिंह, झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी गुलाम रब्बानी, निदेशक राजीव रंजन सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। एसडीओ ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन और स्वास्थ्य दोनों को मजबूत करता है, इसलिए छात्रों को नियमित रूप से खेलकूद में हिस्सा लेना चाहिए।

झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी ने भरोसा जताया कि यहां प्रशिक्षित बच्चे राज्य ही नहीं, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना परचम लहराएंगे। चेयरमैन अशोक सिंह ने बताया कि विद्यालय छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में शूटिंग रेंज और बास्केटबॉल कोर्ट की सुविधा भी शुरू की गई है, वहीं जनवरी से लड़कियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और सहयोगियों की अहम भूमिका रही।













