गिरिडीह। बेंगाबाद प्रखंड के पंचायत सचिवालय छोटकी खरगडीहा में मंगलवार को स्थानीय मुखिया श्रीमती सुनीता देवी की अध्यक्षता में ग्राम छोटकी खरगडीहा व हरखुडीह के संयुक्त ग्राम संगठन की विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान मुखिया महेंद्र प्रसाद वर्मा सहित कई ग्रामीण पुरुष–महिलाएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य खेतों में हो रहे फसल नुकसान को रोकने हेतु मवेशी नियंत्रण व्यवस्था को सख्ती से लागू करना था।


ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आज से कोई भी किसान बिना चरवाहा निर्धारित किए मवेशी नहीं छोड़ेगा। फसल को नुकसान पहुँचाने वाले मवेशियों पर क्षतिपूर्ति राशि भी तय की गई—भैंस पर ₹500, गाय–बैल–बछड़ा पर ₹250 और बकरा–बकरी पर ₹150। 24 घंटे बाद यह जुर्माना दोगुना हो जाएगा। 36 घंटे तक मवेशी नहीं लेने पर उन्हें प्रशासन को सूचना देकर पाचंबा स्थित गौशाला समिति को सौंप दिया जाएगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि नियम उल्लंघन की स्थिति में किसान पूर्ण रूप से जवाबदेह होंगे।












