गिरिडीह। झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन के बैनर तले गिरिडीह नगर निगम के कर्मियों ने मंगलवार को अपनी 5 सूत्री मांगों को लेकर निगम परिसर में एक दिवसीय भूख हड़ताल और धरना दिया। कर्मचारियों ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार के आश्वासन और मंत्रियों के साथ हुए लिखित समझौते के बावजूद मांगों को पूरा नहीं किया गया। फेडरेशन के नेता अशोक कुमार सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि प्रमुख मांगों में दैनिक वेतन भोगियों का नियमितीकरण, वेतनवृद्धि और सेवा शर्तों में सुधार शामिल है।

आंदोलन के कारण नगर निगम का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि अब धैर्य की सीमा समाप्त हो रही है और यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने इस बात पर जोर दिया कि अधिकारों की लड़ाई में वे अब पीछे हटने वाले नहीं हैं और आवश्यकता पड़ने पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।












