गिरिडीह : मंगलवार सुबह गिरिडीह के पचम्बा थाना क्षेत्र के सलैया, न्यू गिरिडीह स्टेशन के पास हरिचक बीजेपी ऑफिस के बगल में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरिचक निवासी टुपलाल दास के 30 वर्षीय पुत्र प्रकाश दास के रूप में हुई है। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। भयावह दृश्य को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रकाश दास शांत स्वभाव के युवक थे और पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से गांव में मातम पसर गया है। प्रकाश के दो छोटे बच्चे हैं, जो अपने पिता के न रहने की सच्चाई समझ नहीं पा रहे हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरा गांव इस दुखद घटना से गहराई से मर्माहत है।












