गिरिडीह। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बारासोली गांव में जमीन विवाद अब बड़े फर्जीवाड़े का रूप लेता जा रहा है। स्थानीय निवासी जीतन सिंह ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर कई लोगों पर जमीन खरीद-फरोख्त में जालसाजी, साजिश और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का गंभीर आरोप लगाया है। आवेदन के मुताबिक, बारासोली मौजा के खाता संख्या 2 की जमीन चिंतामन सिंह वंश के नाम दर्ज थी, लेकिन वर्ष 1915 में इसकी नीलामी हुई थी और उसके बाद चिंतामन सिंह, खूबलाल सिंह और फोखन सिंह के नाम अलग-अलग निबंधित पट्टा जारी किया गया था। इसके बावजूद कुछ लोग पुराने कागजों के आधार पर जमीन बेचने का प्रयास कर रहे हैं।

शिकायत में महेंद्र ठाकुर, नागेश्वर प्रसाद वर्मा, संजू बरनवाल उर्फ संजू मोदी, छोटू मंडल, राधे सिंह, उत्तपल सिंह और पाचू सिंह पर फर्जी केवाला बनवाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा, जनवरी 2025 में जारी पंजी-2 की नकल में प्लॉट संख्या 379 वंशानुगत नहीं दिखने के बावजूद जाली रजिस्टर-2 तैयार कर जमीन बिक्री का प्रयास किए जाने की भी बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने डॉ. राजेश दुबे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विवादित जमीन बिक चुकी होने की जानकारी होने के बावजूद वे खरीद प्रक्रिया में शामिल हैं। मामले को लेकर गांव में चर्चा तेज है और पीड़ित पक्ष निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रहा है।












