गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के सोनतुरपी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने नहर में एक बुजुर्ग का शव तैरता देखा। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस व जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी। मृतक की पहचान गैड़ा पंचायत के बुकना निवासी 65 वर्षीय खुबलाल यादव के रूप में हुई। बताया जाता है कि वे रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे, इसी दौरान पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने से नहर में गिरने की संभावना जताई जा रही है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही जिप सदस्य दुर्गेश कुमार और पूर्व मुखिया संतोष कुमार रजक मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। दोनों जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को सांत्वना दी और हरसंभव प्रशासनिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों की जांच जारी है, जिससे पता चल सके कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह।













