गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के सर्विस रोड पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक मारुति अर्टिगा कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। धनबाद में इलाज के दौरान सूरज ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं दोनों अन्य घायल युवकों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।












