Aba News

नगर निगम में उफना गुस्सा: पेयजल संकट पर वार्ड 20 और 28 के लोगों का उग्र प्रदर्शन

गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 और 28 में पिछले छह महीनों से जारी पेयजल संकट ने बुधवार को स्थानीय लोगों का धैर्य समाप्त कर दिया। पानी की किल्लत से परेशान महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग खाली बाल्टी, देगची और बर्तन बजाते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महीनों से बूंद-बूंद पानी को तरसना पड़ रहा है, कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो टैंकर उपलब्ध कराए गए और न ही पाइपलाइन की समस्या दूर हुई। रोजमर्रा के काम—खाना बनाना, सफाई, नहाना और पीने का पानी—सब प्रभावित हो चुके हैं, जबकि कई परिवार मजबूरी में पानी खरीद रहे हैं।

स्थिति बिगड़ते देख नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे। उप-आयुक्त प्रशांत लायक ने बताया कि संबंधित वार्डों में जलापूर्ति शुरू करने के लिए आवेदन व टैक्स जमा करना आवश्यक है, जिसके बाद आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने कहा कि वे कुछ दिनों तक सुधार की प्रतीक्षा करेंगे, इसके बाद अगला कदम तय किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें