खोरीमहुआ अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन और ढिबरा ढुलाई पर नकेल कसने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन के नेतृत्व में देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने घोड़थम्बा–जमुआ मुख्य मार्ग से ढिबरा लदे दो मिनी ट्रकों को पकड़ा और उन्हें जप्त कर धनवार थाना में सुरक्षित रख दिया गया। अभियान पूरी तरह गोपनीय तरीके से संचालित किया गया था।

अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय अवैध खनन नेटवर्क को खत्म करने के लिए यह कार्रवाई जरूरी थी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन और ढुलाई में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और खनिज माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई होगी। प्रशासन ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, क्योंकि अवैध खनन से सरकारी राजस्व के साथ-साथ पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है।













