गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बुधुडीह बाजार में स्थित दुर्गा ज्वेलर्स एंड बर्तन दुकान में हुई बड़ी चोरी से इलाके में दहशत फैल गई है। चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकान की टिन की चादर उठाकर अंदर प्रवेश किया और कुछ ही मिनटों में लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए। दुकान के संचालक मनोज सिंह के मुताबिक, दुकान खोलते ही उन्हें चोरी की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि लगभग पाँच किलो चांदी, 80 ग्राम सोना, नकद राशि और कांसा-पीतल के महंगे बर्तन चोरी हो गए, जिससे उन्हें करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही अहिल्यापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के दुकानों और गलियों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे और चोर बाजार की भौगोलिक स्थिति से अच्छी तरह परिचित थे। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। इस चोरी की घटना से इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।













