Aba News

जेवर साफ करने के बहाने 3 लाख की ठगी, गिरिडीह में सक्रिय हुआ ठग गैंग

गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र में दो बाइक सवार ठगों ने जेवर साफ करने के बहाने एक महिला से तीन लाख रुपए से अधिक के सोने–चांदी के जेवर ठग लिए। जानकारी के अनुसार, अवधेश कुमार सिंह के घर पहुंचे दोनों युवक ने उनकी पत्नी प्रमिला देवी को झांसे में लेकर पहले पुराने बर्तन साफ किए और फिर मुफ्त में सोने–चांदी के जेवर चमकाने का लालच दिया। महिला ने उन पर भरोसा करते हुए सोने का लॉकेट, कान की बाली और चांदी का पायल दे दिया। ठगों ने प्लास्टिक पैकेट में पीतांबरी जैसा पदार्थ डालकर चमकाने का नाटक किया और पैकेट थोड़ी देर बाद खोलने को कहकर फरार हो गए।

जब प्रमिला देवी ने पैकेट खोला, तो उसमें कोई जेवर नहीं था। घटना के बाद परिजनों को सूचना दी गई और मामले की शिकायत थाने में दर्ज करा दी गई है। राहत की बात यह है कि दोनों ठग सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। क्षेत्र में इस तरह की ठगी करने वाला गिरोह फिर सक्रिय हो गया है, जिससे लोगों में दहशत और सतर्कता दोनों बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें