पंजाब नेशनल बैंक के सहायक महाप्रबंधक पद से 37 साल की सेवा पूरी करने के बाद आज प्रकाश कुमार मिश्र सेवानिवृत्त हो गए। पेठियाटांड़ स्थित उनके आवास पर आयोजित विदाई समारोह में परिजनों और सहकर्मियों ने पुष्पवर्षा, आरती और केक काटकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने अपने लंबे सेवा-काल की यादें साझा करते हुए कहा कि पीएनबी में काम करना उनके लिए सीख और सेवा, दोनों का अनमोल अवसर रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पीएनबी बोकारो डिवीजन के हेड राजेश श्रीवास्तव ने गिरिडीह की शाखाओं के बेहतर कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि जिले में पीएनबी की छह शाखाएँ सक्रिय हैं, जिनमें कालीबाड़ी शाखा सबसे पुरानी और विदेशी लेनदेन के लिए अधिकृत है। साथ ही उन्होंने बैंक की मुफ्त जीवन बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि खाते के साथ ग्राहकों को 50 लाख रुपये तक का निःशुल्क बीमा कवर दिया जा रहा है। सभी ने अंत में प्रकाश कुमार मिश्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













