गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड के कारोडीह पंचायत भवन में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में अधिकारियों की देरी से पहुंचने के कारण कामकाज ठप रहा। सुबह 10 बजे से ही ग्रामीण प्रमाणपत्र पाने के लिए पहुंचने लगे, लेकिन प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी करीब शाम 4 बजे पहुंचे। देर से पहुंचने के कारण ऑन द स्पॉट बनने वाले प्रमाणपत्रों का वितरण भी घंटों प्रभावित रहा और ग्रामीण पूरे दिन इंतजार में बैठे रहे।

जानकारी के अनुसार, यह पंचायत पूर्व विधायक केदार हाजरा का गांव है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि सरकार की योजनाओं में लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगी। कार्यक्रम में बने प्रमाणपत्रों को हाजरा ने ग्रामीणों को सौंपा और जिन आवेदनों का निष्पादन बाकी है, उन्हें जल्द पूरा कराने का आश्वासन दिया।













