29 नवंबर 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी साइबर ठगी का पर्दाफाश किया। पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी पटना से खरीदारी कर स्कॉर्पियो वाहन से गिरिडीह–गांडेय होते हुए जामताड़ा जा रहे हैं। इस पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) आबिद खाँ के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पाँच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक अपराधी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी फर्जी RTO Challan.apk और KYC अपडेट के नाम पर लोगों के व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर ठगी करते थे तथा ठगे हुए पैसे से महंगे मोबाइल और जेवर खरीदते थे। इस संबंध में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 39/2025 दर्ज की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में विजय मंडल, अर्जुन मंडल, आदित्य राज उर्फ ओम शंकर कुमार, गजेन्द्र कुमार और रवि कुमार शामिल हैं, जबकि फरार आरोपी की पहचान निरमल मंडल के रूप में हुई है। छापामारी के दौरान पुलिस ने 10 मोबाइल फोन (जिसमें 5 आईफोन), अतिरिक्त 14 मोबाइल, एक सिम कार्ड और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया। इस सफल कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक आबिद खाँ, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह और सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













