गिरिडीह जिले के बंगाबाद थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर एक बड़े अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। 18 नवंबर 2025 को बेबंगाबाद निवासी रीना देवी ने घर के सामने खड़ी अपनी स्कॉर्पियो (JH10BK-0365) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने गिरोह के पाँच सदस्यों—अमित कुमार, तुरुशरण उर्फ मुन्ना, संदीप कुमार सिन्हा, सुभाष कुमार सिंह और राहुल कुमार को गिरफ्तार किया।

छापेमारी में चोरी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो (BR33M-2792), विभिन्न औजार, RC कार्ड, ग्राइंडर, ड्रिल मशीन और मॉडिफिकेशन उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुभाष कुमार सिंह वाहनों के इंजन, चेसिस और पंजीयन में हेरफेर कर तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।












