गिरिडीह में उत्पाद विभाग ने अवैध शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए डुमरी थाना क्षेत्र के चिरैयामोड़ के पास बीती रात एक ट्रक जब्त किया, जिसमें 75 लाख से अधिक मूल्य की अवैध शराब लदी थी। उत्पाद अधीक्षक महेंद्र देव सिंह को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने एचआर 46 डी-2209 नंबर की ट्रक को रोका, जिसमें ऊपर आलू के बोरे और नीचे करीब 800 पेटी अवैध शराब छिपाई गई थी।

पुलिस ने ट्रक चालक हरजीत सिंह, खलासी दीपक कुमार के साथ शराब लदी गाड़ी की रेकी कर रहे पंजाब के दो शराब माफिया—हरिंदर सिंह और बिंदर सिंह को भी एक चारपहिया वाहन से गिरफ्तार किया। यह खेप कोलकाता से बिहार ले जाई जा रही थी, लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता ने माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कार्रवाई के बाद जिले में तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।













