गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के संतुरपी जंगल में 18 नवंबर को मिले युवक के शव ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। जांच में यह मामला ट्रक लूटकर ड्राइवर की हत्या का निकला। मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र स्थित लदौरा निवासी धीरज कुमार यादव के रूप में हुई। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ बगोदर-सरिया के नेतृत्व में बनी विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितोंजैनुल खान उर्फ अरमान, दाउद खान और समस्तीपुर के द्वारिका सिंह—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि जैनुल और दाउद मृतक को पहले से जानते थे और उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक लूट की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने धीरज को बहाने से बगोदर बुलाया, उसे शराब और गांजा पिलाया और फिर संतुरपी जंगल ले जाकर लोहे की रॉड से हत्या कर दी। इसके बाद शव जंगल में फेंककर आरोपी लूटा हुआ ट्रक लेकर फरार हो गए, जिसे बाद में पुलिस दबाव के कारण दुमका-हसडीहा टोल प्लाजा के पास छोड़ दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने छड़ लदा कंटेनर, हत्या में प्रयुक्त रॉड, मृतक के कपड़े, बैग, मोबाइल, पैसे और ट्रक से निकाला गया जीपीएस बरामद किया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।












