Aba News

गिरिडीह में फिर गजराज का आतंक, खेत-बारी उजड़ी, बुजुर्ग किसान की कुचलकर मौत

गिरिडीह जिले में एक बार फिर गजराज का आतंक देखने को मिला है। पिछले एक सप्ताह से हाथियों का झुंड अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर खेतों की फसलों को बर्बाद कर रहा है और कई घरों-दीवारों को तोड़कर लोगों को भारी नुकसान पहुंचा रहा है। आज नवडीहा ओपी क्षेत्र के बिशनपुर गांव में दो हाथियों ने खेती कर रहे एक बुजुर्ग किसान को कुचलकर मार डाला। मृतक की पहचान गोरो पंचायत के बिशनपुर निवासी जगदेव महतो (50 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे और हाथियों को भगाने में लगे। वहीं, इस घटना को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ तीखा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों के गांव में घुसने की सूचना देर रात ही विभाग को दे दी गई थी, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके कारण आज एक व्यक्ति की जान चली गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बेंगाबाद–चतरो मुख्य मार्ग को जाम कर वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है। सूचना पर नवडीहा ओपी प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, हालांकि अब तक वन विभाग का कोई अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा है, जिससे लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें