गिरिडीह जिले के बगोदऱ थाना क्षेत्र में मेन रोड टाउन हॉल के पास बीती रात अचानक लगी आग ने अफरा-तफरी मचा दी। बताया गया कि शॉर्ट सर्किट से एक कपड़ा दुकान में आग भड़की, जो देखते ही देखते बगल की फुटपाथ दुकानों तक फैल गई। कुछ ही मिनटों में कपड़ा दुकान सहित कुल चार दुकानें जलकर राख हो गईं, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

आग की लपटें उठते ही आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बगोदऱ थाना प्रभारी विनय कुमार यादव और कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और आस-पास की दुकानों को तुरंत खाली कराया। स्थानीय लोगों और प्रशासन की कोशिशों से आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक पूरा सामान खाक हो चुका था। घटना के बाद से व्यापारी बेहद आहत हैं और नुकसान के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।












