गिरिडीह जिले में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत सेवा का अधिकार सप्ताह का शुभारंभ गांडेय प्रखंड के बुधुडीह पंचायत में उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, बीडीओ/सीओ समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने झारखंड आंदोलन के महानायकों को नमन करते हुए कहा कि राज्य की सिल्वर जुबली के अवसर पर 21 से 28 नवंबर तक आयोजित यह सेवा सप्ताह आमजनों तक त्वरित और गारंटी वाली सेवाएं पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। शिविर में जाति, आय, निवास, जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल–खारिज, भूमि मापी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम–2011 की सभी सेवाओं का तत्काल निराकरण किया जा रहा है।

शिविर में उपायुक्त ने दो लाभुकों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई, जिससे बुजुर्ग के चेहरे खिल उठे। साथ ही मौके पर दो छात्राओं और एक छात्र का जाति प्रमाण पत्र बनवाया गया। उपायुक्त ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सुयोग्य लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने, आवेदनों के त्वरित निष्पादन और ग्रामीणों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों तक योजनाओं की सही जानकारी पहुँचाकर अधिक से अधिक लाभ सुनिश्चित करना है।












