गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के महेशमरवा गांव में अंडरग्राउंड कमरे में चल रही हथियार निर्माण की मिनी फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में चली छापेमारी में शायर अली के घर के तहखाने से छह लोगों को हथियार बनाते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी उस्मान अंसारी फरार हो गया। फैक्ट्री से 6 देसी पिस्टल, 11 मैगजीन, अर्धनिर्मित हथियार, बैरल, स्लाइड, मशीनरी और बड़ी मात्रा में औजार बरामद किए गए।

एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि सभी आरोपी मुंगेर से मशीन और कच्चा माल लाकर अवैध तरीके से हथियार बना रहे थे। गिरफ्तार अपराधी पहले भी बिहार सहित विभिन्न राज्यों में हथियार कारोबार और आपराधिक गतिविधियों में जेल जा चुके हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में गांडेय, अहिल्यापुर, ताराटांड़ थाना पुलिस समेत तकनीकी टीम शामिल रही।













