गिरिडीह, 20 नवंबर 2025: राज्य सरकार द्वारा 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक आयोजित किए जा रहे “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित प्रचार वाहनों के माध्यम से पंचायतवार कार्यक्रम की तिथियां, स्थान और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रसारित की जा रही है। साथ ही नुक्कड़ नाटक टीम ग्रामीण इलाकों में जाकर लोक शैली में कहानी, संवाद और प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को योजनाओं से अवगत करा रही है ताकि अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकें। कलाकार सरल भाषा और रोचक प्रदर्शन से लोगों को मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन, हरा राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, बिरसा हरित ग्राम योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड समेत कई योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर आवेदन प्राप्त किए जाएं और जांच के बाद लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।












