गिरिडीह के गांडेय थाना क्षेत्र स्थित मंडरडीह गांव में बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। गुप्त सूचना पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने मौके से छह हथियार कारीगरों को गिरफ्तार किया है। टीम को फैक्ट्री से बड़ी संख्या में तैयार और अधबने हथियार मिले, साथ ही हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले आधुनिक उपकरण भी बरामद किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह फैक्ट्री लंबे समय से गुप्त रूप से संचालित हो रही थी और आसपास के जिलों में हथियार आपूर्ति की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरफ्तार कारीगरों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और आगे भी ऐसे ठिकानों पर लगातार अभियान जारी रहेगा।












