गिरिडीह–जामताड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित महेशमुंडा चौक के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार एक बार फिर हादसे का कारण बनी। बालू से भरा ट्रक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे बैंक ऑफ इंडिया के निकट लगभग आधा दर्जन दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण मोड़ पर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और ट्रक सीधे दुकानों पर जा पलटा।
पलटी से जिन दुकानों को नुकसान पहुंचा उनमें नकुल ठाकुर की पान दुकान, छठु ठाकुर मिष्ठान भंडार, बिरजू ठाकुर का सैलून, मंगरु होटल और अन्य छोटे व्यवसाय शामिल हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ट्रक को सड़क से हटाने की प्रक्रिया शुरू की।












